रायबरेली- ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी के बीच हुई तनातनी,इस बात को लेकर हुआ विवाद

रायबरेली- ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी के बीच हुई तनातनी,इस बात को लेकर हुआ विवाद

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली। सलोन विकासखंड क्षेत्र के पाल्हीपुर प्राथमिक विद्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया जब ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी के बीच फर्जी तरीके से रुपये निकालने के आरोप को लेकर तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, विवादित ग्राम प्रधान दीपक यादव पर फर्जी भुगतान निकालने के गंभीर आरोप लगे हैं। इसी को लेकर ग्राम विकास अधिकारी नरेंद्र यादव ने आपत्ति जताई, जिससे नाराज होकर प्रधान ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और गुस्से में उनका पीछा तक किया। जान बचाने के लिए ग्राम विकास अधिकारी को कमरे में घुसकर खुद को बंद करना पड़ा।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सफाई कर्मी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मची हुई है।
गौरतलब है कि ग्राम प्रधान दीपक यादव पहले भी विवादों में रह चुके हैं और हाल ही में SIR फॉर्म फाड़ने के मामले में जेल जा चुके हैं। अब एक बार फिर गंभीर आरोपों और वीडियो वायरल होने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा जांच की बात कही जा रही है। फिलहाल वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है।