रायबरेली-दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 06 मार्च तक

रायबरेली-दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 06 मार्च तक

-:विज्ञापन:-



दावे और आपत्तियों का निपटान 27 मार्च तक, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल को




रायबरेली। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सम्प्रति चल रहे अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से सम्बन्धित कार्यक्रम की तिथियों को संशोधित कर दिया है। आयोग द्वारा घोषित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि  06 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है। नोटिस चरण, प्रवेश अधिकार पर निर्णय और दावों और आपत्तियों का निपटान की अवधि 27 मार्च 2026 तक, स्वास्थ्य मापदंडों की जांच 03 मार्च 2026 तक एवं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को निर्धारित किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की अवधि में निर्वाचक नामावलियों की तैयारियों से सम्बद्ध अधिकारियो यथा-जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कोई पद रिक्त न हो यह सुनिश्चित किया जाना है तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की कार्यवाहियों से सम्बद्ध अधिकारियों का स्थानान्तरण भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व अनुमोदन के बिना नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की उपरोक्तानुसार तिथियों में संशोधन करते हुए नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 नियत किया गया है।