CM योगी करेंगे औद्योगिक विकास के नए अध्याय का शुभारंभ, उद्यमियों को देंगे निवेश का मंत्र
गोरखपुर. गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के स्थापना दिवस पर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ औद्योगिक विकास के नए अध्याय का शुभारंभ करेंगे। वह निजी क्षेत्र की 800 करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे, 500 करोड़ रुपये के निवेश को नए भूखंडों का आवंटन पत्र सौंपेंगे, 150 करोड़ रुपये के अवस्थापना विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे और पहली बार आयोजित होने जा रहे चार दिवसीय गोरखपुर ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर सीएम योगी के समक्ष स्किल डेवलपमेंट सेंटर के लिए नाइलिट और प्लास्टिक पार्क की यूनिट्स को कच्चा माल उपलब्ध कराने के लिए गेल के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। सीएम गीडा की अति महत्वाकांक्षी कालेसर व्यावसायिक परियोजना को भी लांच करेंगे। इसके अलावा देश और स्थानीय क्षेत्र के प्रमुख उद्यमियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश में निवेश के फायदे बताकर उद्यम शुरू या विस्तार करने को प्रेरित करेंगे।
करीब 6 दर्जन उद्यमी बैठक में होंगे शामिल
गीडा के स्थापना दिवस समारोह के दौरान गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्षेत्र और देश के बड़े उद्यमियों के साथ बैठक कर उन्हें और अधिक निवेश करने का मंत्र देंगे। इस बैठक में करीब पांच दर्जन उद्यमी व निवेशक शामिल होंगे। इसके लिए बुधवार दोपहर तक पेप्सिको, बर्जर पेंट्स, कोका कोला, लुलू माल, किर्लोस्कर इंजन, रेड टेप, मंटोरा ऑयल्स, खंडेलवाल एडिबल्स, आरएसपीएल, ग्रीन प्लाई, बीकानेरवाला, कपिला कृषि उद्योग, गैलेंट, अंकुर उद्योग, इंडिया ग्लाइकोल्स समेत 54 उद्यमियों या उनके प्रतिनिधियों की तरफ से हामी भरी जा चुकी थी।

rexpress 