रायबरेली-पति-पत्नी का एक साथ शव मिलने से मची सनसनी,4 महीने पहले ही दोनों का हुआ था विवाह
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहित दंपति के शव फंदे से लटके मिले, गांव में सनसनी
रायबरेली-डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पखरामऊ गांव में सोमवार को एक नवविवाहित दंपति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी का शव एक ही कमरे में साड़ी के सहारे छत के पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि दोनों का विवाह लगभग चार महीने पहले ही हुआ था। परिजन जब घर पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल दंपति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पखरामऊ गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

rexpress 