रायबरेली में पत्नी ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर घर में दफनाया शव, बदबू आने पर खुला राज
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पूरे रजऊ मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी गांव में एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। कई दिनों बाद शव से दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला रीता अपने मायके में कथित प्रेमी अमित के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति राम प्रकाश भी वहां आता-जाता था। पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को किसी बात को लेकर अमित का रीता और राम प्रकाश से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने मिलकर अमित की हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही दफना दिया।
कुछ दिन बाद घर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर खुदाई कराई, जहां से शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपी महिला रीता को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि उसके पति राम प्रकाश की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह सनसनीखेज घटना डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी गांव की है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

rexpress 