रायबरेली में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का राहुल गांधी पर हमला, जंतर-मंतर प्रकरण पर उठाए सवाल
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली में प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने जंतर-मंतर पर हाल ही में हुई घटना का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि छात्रों का हित और उनका सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक सुधार किए गए हैं, जिनका लाभ देशभर के विद्यार्थियों को मिल रहा है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार हर विषय पर जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेती है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाती है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय पेपर लीक, भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताएं आम बात थीं, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।
मंत्री के इस बयान के बाद जिले में सियासी माहौल गरमा गया है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और इस बयान को लेकर विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

rexpress 