रायबरेली कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने, जमकर हुआ हंगामा
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- शहर के तिलक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब राहुल गांधी का पुतला दहन करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस, आरोप-प्रत्यारोप और अभद्रता की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में भी काफी देर तक विवाद चलता रहा, हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचाव हो गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के तिलक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

rexpress 