रायबरेली में शुरू हुई ब्रेस्ट सर्जरी विशेषज्ञ ओपीडी, अब हर महीने मिलेंगी डॉ. फराह अरशद
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ ने रायबरेली में ब्रेस्ट सर्जरी विशेषज्ञ ओपीडी सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य रायबरेली और आसपास के जिलों की महिलाओं को ब्रेस्ट से जुड़ी बीमारियों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
यह ओपीडी मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ की ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. फराह अरशद के नेतृत्व में संचालित होगी। डॉ. फराह अरशद प्रत्येक माह चौथे गुरुवार को दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक वूमेन्स केयर हॉस्पिटल, रतापुर रोड, रायबरेली में मरीजों को परामर्श देंगी।
इस विशेष ओपीडी में ब्रेस्ट की सामान्य समस्याओं, ब्रेस्ट कैंसर और ब्रेस्ट सरकोमा से संबंधित विशेषज्ञ सलाह दी जाएगी। साथ ही मरीजों को ऑन्कोप्लास्टिक ब्रेस्ट सर्जरी, कीमोथेरेपी, हार्मोनल थेरेपी, ब्रेस्ट कैंसर की जांच एवं शुरुआती पहचान से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा आधुनिक तकनीक के माध्यम से कॉस्मेटिक और कम निशान वाली ब्रेस्ट सर्जरी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. फराह अरशद ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर के सफल उपचार में समय पर पहचान सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि बीमारी का पता शुरुआती चरण में चल जाए तो इलाज अधिक प्रभावी होता है और मरीज के स्वस्थ होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने महिलाओं से नियमित जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत विशेषज्ञ से सलाह लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि ब्रेस्ट सर्जरी के क्षेत्र में ऑन्कोप्लास्टिक तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों के आने से मरीजों को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं और उनकी जीवन गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहती है। उनका उद्देश्य रायबरेली सहित आसपास के जिलों की महिलाओं तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि उन्हें जांच और इलाज के लिए लखनऊ या अन्य बड़े शहरों की दौड़ न लगानी पड़े।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ का कहना है कि वह महिलाओं के स्वास्थ्य और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और मरीज-केंद्रित उपचार प्रणाली के माध्यम से अस्पताल का लक्ष्य महिलाओं को वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना और उनके उपचार के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है।

rexpress 