रायबरेली-डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के बिझलामऊ गांव में खूनी संघर्ष
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दो भाई गंभीर घायल, एक आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली- डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के बिझलामऊ गांव में भूमि की मेड़ के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दो भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित राकेश कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी बिझलामऊ ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उनके अनुसार गांव के छेदीलाल, बनायेदीन, अनूपलाल एवं अनुज कुमार से भूमि की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था।
आरोप है कि शुक्रवार को उक्त विवाद के दौरान आरोपियों ने पहले राकेश कुमार के साथ गाली-गलौज की और उन्हें दौड़ा लिया। शोर सुनकर उनके भाई अमरजीत और सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में डलमऊ पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 