रायबरेली में सपाइयों का प्रदर्शन, पुलिस के सामने पीएम का पोस्टर जलाया

रायबरेली में सपाइयों का प्रदर्शन, पुलिस के सामने पीएम का पोस्टर जलाया

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली में बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने पुलिस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री का पोस्टर जलाने का प्रयास किया। पोस्टर में आग लगते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दौड़ पड़े और जलते हुए पोस्टरों को छीनकर आग बुझा दी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
इससे पहले जब सपाई प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश कर रहे थे, तब भी पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए किसी तरह मामला शांत कराया।
बारिश के बावजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का धरना और प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारी अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताते रहे।
डिग्री कॉलेज चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। वहीं सपाइयों ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध जारी रखने की चेतावनी दी।