रायबरेली-काली मंदिर में लाखों की चोरी, 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

रायबरेली-काली मंदिर में लाखों की चोरी, 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के सत्य नगर स्थित माँ काली मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आसपास के लोगों से पूछताछ किए जाने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, बेखौफ चोर मंदिर में रखे करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य के माँ काली के आभूषण चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, मंदिर में रखा दानपात्र भी उठाकर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हालांकि, घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर से चोरी हुए आभूषण व दानपात्र की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है