रायबरेली में आज AISA का प्रदर्शन, नेहा बोरा के आगमन को लेकर तैयारियां तेज
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। शहर में आज ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से प्रदर्शन और ‘जेन-जी महाजुटान’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के शामिल होने की बात सामने आई है। संगठन की ओर से इसे शिक्षा, रोजगार और छात्र-युवा मुद्दों से जुड़े अभियान का हिस्सा बताया गया है।
नेहा बोरा के आगमन को लेकर रायबरेली शहर के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं। छात्र संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नेहा बोरा के विकास भवन पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके कार्यक्रम और पहुंचने के स्थान को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि इस समय उपलब्ध नहीं है।
इसी बीच कार्यक्रम की तैयारियों को देख रहे विजय विद्रोही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और विजय विद्रोही के बीच कथित तौर पर नोकझोंक दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो में विजय विद्रोही प्रशासन से कार्यक्रम आयोजित कराने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों और कार्यक्रम की तैयारियों के चलते आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर स्थानीय स्तर पर हलचल बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर भी नजर रहेगी।
AISA की ‘जेन-जी महाजुटान’ यात्रा में इससे पहले उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।

rexpress 