रायबरेली-ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो सौ मीटर तक घिसटती रही बाइक
रिपोर्ट-ऋषि मिश्रा
छह माह पहले ही हुई थी शादी, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बछरावां-मौरावां हाईवे पर महारानी खेड़ा मजरे शेखपुर समोधा के निकट ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे जा गिरा। ट्रक उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गया और बाइक करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। विदित हो कि मेहरवान खेड़ा मजरे शेखपुर समोधा निवासी सूरज उम्र 25 वर्ष पुत्र अमरलाल बाइक से बछरावां जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया और पहियों की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि सूरज का विवाह महज छह माह पहले ही हुआ था। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 