रायबरेली संदिग्ध परिस्थितियों में कक्षा आठ के छात्र की मौत, गले पर फंदे के निशान
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां, रायबरेली- कोतवाली क्षेत्र के मदारखेड़ा मजरे नीवा गांव में बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में कक्षा आठ के एक छात्र की मौत हो गई। किशोर का शव घर की छत पर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विदित हो कि मदारखेड़ा निवासी राजकुमार सिंह का 13 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र, जो कक्षा आठ का छात्र था, बुधवार शाम घर की छत पर संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन जब खेत से लौटे तो उसे अचेत देखकर तत्काल छोटकवा खेड़ा स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां लेकर पहुंचे। जहां पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अभय चतुर्वेदी ने प्राथमिक परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार किशोर के गले पर फंदे के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया फंदे पर लटकने की आशंका जताई जा रही है। वहीं किशोर के दोनों पैरों के पंजों पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के पिता राजकुमार सिंह, माता केसरी देवी तथा भाई मयंक, महेंद्र और शैलेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। और तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

rexpress 