रायबरेली में भारी बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश, कक्षा 1 से 12 तक सभी विद्यालय बंद
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आज जिले के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी बोर्डों के विद्यालय आज बंद रहेंगे। इसमें परिषदीय, राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालय भी शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से यह निर्णय लगातार हो रही बारिश और इसके चलते उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है, वहीं बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन ने एहतियातन विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। स्कूलों के दोबारा संचालन को लेकर आगे जारी होने वाले प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

rexpress 