रायबरेली-विद्यालय गेट के सामने एक माह से खड़ा डीसीएम, छात्रों ने किया प्रदर्शन

रायबरेली-विद्यालय गेट के सामने एक माह से खड़ा डीसीएम, छात्रों ने किया प्रदर्शन

-:विज्ञापन:-

 

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। उच्च प्राथमिक विद्यालय शेखपुर समोधा के मुख्य गेट के सामने पिछले करीब एक महीने से खड़ा डीसीएम विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। स्कूल के प्रवेश द्वार पर डीसीएम खड़े होने से बच्चों को अंदर आने-जाने में दिक्कत हो रही है। वहीं अभिभावकों और शिक्षकों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बताया गया कि करीब तीन सप्ताह पूर्व हुए एक सड़क हादसे के बाद पुलिस ने उक्त डीसीएम को विद्यालय के सामने खड़ा करा दिया था। इसके बाद से अब तक डीसीएम को वहां से नहीं हटाया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शमा सिंह ने बताया कि पुलिस से डीसीएम हटवाने की शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। गुरुवार को समस्या से आजिज आ चुके छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन कर डीसीएम को तत्काल हटाने की मांग की। उनका कहना था कि डीसीएम की वजह से विद्यालय में प्रवेश के समय हर दिन परेशानी उठानी पड़ती है और सड़क पर निकलते समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। प्रधानाध्यापिका शमा सिंह ने बताया कि विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने भारी वाहन खड़ा होने से बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक ट्रक नहीं हटाया गया। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल ट्रक हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर विद्यालय के सामने खड़े ट्रक को हटवाने की मांग की है, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित रूप से विद्यालय आ-जा सकें।