रायबरेली शराब के नशे में बेटे ने पिता को पीटा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- जिले के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के सराय मुबारक गांव में बेटे पर अपने पिता की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को आरोपी सूरज ने शराब के नशे में अपने पिता राधेश्याम के साथ मारपीट की थी। मारपीट के दौरान राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही।
इलाज के दौरान 19 जुलाई को राधेश्याम की मौत हो गई। पिता की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बेटे सूरज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मारपीट के कारण गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ भी जारी है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 