रायबरेली-जर्जर मकान का छज्जा गिरने से महिला गंभीर घायल, मलबे में दबने से मची अफरा-तफरी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-जिले के लालगंज कस्बे के गंदी गली मोहल्ले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय मकान की छत पर टहल रही 45 वर्षीय सुमन सोनी मलबे में दब गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी सुमन सोनी को बाहर निकाला। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मकान में मौजूद 80 वर्षीय बुजुर्ग फूलमती को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद जर्जर मकानों का तत्काल सर्वे कराया जाए और ऐसे भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

rexpress 