रायबरेली एम्स के डॉक्टरों ने किया कमाल, 46 वर्षीय महिला के शरीर से 7.5 किलो का विशाल गर्भाशय ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला

रायबरेली एम्स के डॉक्टरों ने किया कमाल, 46 वर्षीय महिला के शरीर से 7.5 किलो का विशाल गर्भाशय ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव 
मो - 8052357765
 

रायबरेली: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली के डॉक्टरों ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 46 वर्षीय महिला के शरीर से 7.5 किलोग्राम वज़न का विशाल गर्भाशय ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर उनकी जान बचाई। यह जटिल ऑपरेशन विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
जानकारी के अनुसार महिला लंबे समय से पेट में लगातार बढ़ती सूजन और असहजता से परेशान थीं। एम्स में जांच के दौरान पता चला कि उनके गर्भाशय में लगभग 30×30×20 सेंटीमीटर आकार का विशाल ट्यूमर मौजूद था, जिसने पेट के अधिकांश हिस्से को घेर लिया था। विस्तृत जांच में गर्भाशय में फाइब्रॉएड के साथ नाभि के पास अम्बिलिकल हर्निया की भी पुष्टि हुई।
मरीज पहले से डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं, जिसके कारण सर्जरी डॉक्टरों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद विशेषज्ञ टीम ने पूरी सावधानी और आधुनिक तकनीक की मदद से सफल ऑपरेशन कर ट्यूमर को निकाल दिया।
यह जटिल सर्जरी प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल सिन्हा और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अपाला प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में की गई। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
एम्स रायबरेली के डॉक्टरों की इस सफलता को चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेहनत, अनुभव और समन्वय के चलते इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सका।