रायबरेली में आज डिप्टी सीएम की दस्तक, ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे ऊंचाहार
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली में आज उत्तर प्रदेश के दो उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य दौरे पर रहेंगे। दोनों डिप्टी सीएम हेलीकॉप्टर से ऊंचाहार पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
डिप्टी सीएम ऊंचाहार क्षेत्र में चड़रई टोल प्लाजा के पास चल रही शिव महापुराण कथा में शामिल होंगे। यहां विश्व प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। डिप्टी सीएम कथा में शामिल होकर भगवान शिव की आराधना करेंगे और कथा का श्रवण करेंगे।
इसके बाद दोनों उपमुख्यमंत्री एनटीपीसी पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान संगठनात्मक विषयों के साथ क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों के दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी उत्साह है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन के सामने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी महत्वपूर्ण चुनौती होगी।

rexpress 