रायबरेली-शहीद को नमन कर नवागंतुक बीईओ ने किया पीएम श्री विद्यालय का औचक निरीक्षण
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
विद्यालय परिसर में स्थापित अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नवागंतुक खंड शिक्षा अधिकारी डलमऊ डॉ. सत्य प्रकाश यादव ने सोमवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय अल्हौरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद की शहादत को नमन करते हुए विद्यालय परिवार से शहीद परिवार के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही शहादत दिवस पर आयोजित होने वाले "भाव समर्पण" कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए अपने सुझाव भी साझा किए। विद्यालय परिवार ने पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों के अनुभवों से उन्हें अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की सभी कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के शैक्षिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने स्पोर्ट्स सामग्री, आईसीटी लैब, एलबीडी, स्मार्ट क्लास, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला, पुस्तकालय, इको क्लब, शिक्षक डायरी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान डॉ. सत्य प्रकाश यादव नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन योजना के तहत परोसे गए भोजन का स्वाद भी चखा और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विद्यालय परिवार ने नवागंतुक खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा।

rexpress 