चित्रकूट धाम में टीबी कर्मचारियों ने की कामतानाथ परिक्रमा, दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि, सेवा स्थायित्व की मांगी प्रार्थना
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
चित्रकूट धाम से एक भावनात्मक तस्वीर सामने आई, जहां राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत कार्यरत टीबी कर्मचारियों ने रविवार शाम भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पावन परिक्रमा की। इसके बाद बरहा हनुमान जी के पावन स्थल पर हवन-पूजन और भव्य महाआरती में शामिल होकर दिवंगत साथियों की पुण्य आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धापूर्वक प्रार्थना की। साथ ही वर्तमान में कार्यरत सभी टीबी कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान, उत्तम स्वास्थ्य और सेवा स्थायित्व की कामना भी की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ (पंजी.) के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने कहा कि टीबी कर्मचारी वर्षों से संक्रमण के खतरे के बीच समाज को टीबी मुक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान कामतानाथ के श्रीचरणों में यह प्रार्थना भी की गई कि सरकार कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, समय पर वेतन और सेवा स्थायित्व से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय ले।
हवन-पूजन और महाआरती के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने अपने दिवंगत साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया तथा समाज से भी इस जनस्वास्थ्य अभियान में सहयोग की अपील की। श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण का यह आयोजन कर्मचारियों के बीच एकता और समर्पण का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।

rexpress 