रायबरेली: भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हरचंदपुर थाने में दिया धरना, कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने हरचंदपुर थाने में धरना दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अखिलेश यादव के स्वागत के दौरान एक युवक ने आपत्तिजनक और अभद्र नारेबाजी की।
मंडल अध्यक्ष हर्षित सिंह तोमर के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ता हरचंदपुर थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
धरने के दौरान थाना प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
बताया गया कि यह पूरा मामला 24 सितंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन और उनके स्वागत कार्यक्रम से जुड़ा है। अखिलेश यादव के दौरे के दौरान रायबरेली में राजनीतिक गतिविधियां और विभिन्न दलों के बीच बयानबाजी भी चर्चा में रही।

rexpress 