प्रियंका के इलाज के लिए एकजुट हुआ कहिंजर, वानर सेना की मुहिम से जुटे ₹2.40 लाख

प्रियंका के इलाज के लिए एकजुट हुआ कहिंजर, वानर सेना की मुहिम से जुटे ₹2.40 लाख

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली- सरेनी क्षेत्र के कहिंजर गांव की प्रियंका सिंह इन दिनों लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गंभीर बीमारी का इलाज करा रही हैं। लगातार चल रहे उपचार के बीच महंगे इलाज का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों के सामने इलाज जारी रखने की चिंता खड़ी हो गई थी।
मुश्किल की इस घड़ी में गांव के रामदेव पाल सिंह और सोनू ने प्रियंका की मदद के लिए वानर सेना के अध्यक्ष धीरज चौहान से संपर्क किया। इसके बाद प्रियंका के इलाज के लिए सहयोग जुटाने की मुहिम शुरू की गई। देखते ही देखते यह अभियान गांव के लोगों की सामूहिक पहल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मदद के लिए आगे आने लगे।
वानर सेना के संरक्षक अजीत प्रताप सिंह और बृजेश सिंह (पंचवटी) के मार्गदर्शन में संगठन के सदस्यों और ग्रामीणों ने अपने-अपने स्तर से आर्थिक सहयोग किया। अभियान में बंटी सिंह, प्रांशू यादव, के.पी. सिंह, कुंवर विक्रम, संदीप परिहार, हर्षित सिंह और श्रद्धा सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की।
इस मुहिम में गांव की महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसी ने आर्थिक सहयोग दिया तो किसी ने अन्य लोगों से संपर्क कर उन्हें मदद के लिए प्रेरित किया। सामूहिक प्रयास का असर यह रहा कि देखते ही देखते ₹2 लाख 40 हजार की सहयोग राशि जुटा ली गई।
संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा हुआ गांव
प्रियंका के परिवार के लिए यह समय बेहद कठिन है। ऐसे में ग्रामीणों का एकजुट होकर मदद के लिए आगे आना परिवार के लिए बड़ी राहत और उम्मीद बनकर सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की घड़ी में किसी परिवार को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए और अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव मदद करनी चाहिए।
वानर सेना की इस मुहिम ने गांव की एकजुटता और सामाजिक सहयोग की भावना को सामने रखा है। प्रियंका के इलाज के लिए जुटाई गई ₹2.40 लाख की राशि महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि ग्रामीणों की संवेदना और सामूहिक सहयोग का प्रतीक है।
मुश्किल वक्त में जब पूरा गांव एक परिवार की तरह साथ खड़ा हुआ, तो कहिंजर ने यह संदेश दिया कि मुसीबत में किसी का साथ देना ही सच्ची इंसानियत है।