रायबरेली जीआरपी सिपाही की बहादुरी से टला बड़ा रेल हादसा, चलती ट्रेन से फिसल रही महिला को बचाया

रायबरेली जीआरपी सिपाही की बहादुरी से टला बड़ा रेल हादसा, चलती ट्रेन से फिसल रही महिला को बचाया

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव 

मो - 8052996633

रायबरेली- रायबरेली रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के एक सिपाही की सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जनता एक्सप्रेस के चलने के दौरान एक महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसकी जान खतरे में पड़ गई। मौके पर मौजूद जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने बिना देर किए तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना रेलवे स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन गति पकड़ चुकी थी, तभी महिला ने उसमें चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसने की स्थिति में पहुंच गई। यह देख ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी तुरंत उसकी ओर दौड़े और साहस का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया।

पूरी घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। सिपाही की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। उनकी बहादुरी ने न केवल एक महिला की जान बचाई, बल्कि मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की भी मिसाल पेश की है।

रेलवे अधिकारियों ने भी यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।