रायबरेली: कांवड़ यात्रा पर विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में दर्ज हुई एफआईआर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- कांवड़ यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित पोस्ट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई शुभम त्रिपाठी की तहरीर पर की गई है। मामले में पोस्ट करने वाले युवक की पहचान तसनीम अंसारी जैब के रूप में बताई जा रही है, जो डलमऊ कोतवाली क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में लिखा गया था कि "कांवड़ यात्रा के दौरान कोई रोड ब्लॉक नहीं होगी।" इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क बंद न करने को लेकर निर्णय लेने की अपील की गई थी। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि "रोड किसी के बाप की नहीं है।"
विवादित पोस्ट में आगे यह भी उल्लेख किया गया कि यदि कांवड़ यात्रा के लिए सड़क बंद की गई तो "नमाज भी रोड पर होगी।" इसके अलावा पोस्ट में मरने तक की बात लिखे जाने का भी उल्लेख है, जिसके बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट या साझा न करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 