रायबरेली में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस पहुंची तो नीचे कूदा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के नथुवापुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि युवक काफी देर तक टावर पर ही मौजूद रहा, जिसके चलते मौके पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस के पहुंचने के बाद युवक अचानक टावर से नीचे कूद गया। नीचे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। युवक की पहचान मिलएरिया थाना क्षेत्र के नयापुरवा रतनशीपुर निवासी रोहित के रूप में बताई जा रही है।
फिलहाल युवक किन परिस्थितियों में टावर पर चढ़ा था और उसने नीचे छलांग क्यों लगाई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

rexpress 