रायबरेली-खड़ंजा निर्माण पर सवाल, जेई की भूमिका पर ग्रामीणों ने उठाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- डलमऊ ब्लॉक क्षेत्र के रसूलपुर गहेरवारी गांव में हाल ही में कराए गए खड़ंजा निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार और मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते कुछ ही महीने में खड़ंजा जगह-जगह से उखड़ने और धंसने लगा है।
ग्रामीणों के मुताबिक खड़ंजा निर्माण में संबंधित जेई की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि जेई की मिलीभगत से मानकों को दरकिनार कर घटिया सामग्री और निर्माण प्रक्रिया का इस्तेमाल किया गया। ग्रामीणों का दावा है कि शिकायत के बाद जांच के नाम पर भी केवल खानापूर्ति की गई और जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि ह्यूम पाइप में लीकेज होने के कारण पानी का रिसाव सड़क के नीचे और आसपास होता रहा, जिससे खड़ंजे की स्थिति लगातार खराब होती गई। वर्तमान में कई स्थानों पर खड़ंजा उखड़ने और धंसने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा हुए ज्यादा समय नहीं बीता, लेकिन सड़क की हालत देखकर इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने खड़ंजा निर्माण की तकनीकी और निष्पक्ष जांच कराने, ह्यूम पाइप लीकेज की समस्या दूर कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर डलमऊ ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारी और संबंधित जेई क्या कार्रवाई करते हैं, और क्या खड़ंजा निर्माण की वास्तविक गुणवत्ता की जांच कराई जाती है।

rexpress 