रायबरेली-भव्य श्री शिव महापुराण कथा में सम्मिलित हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
राज्यपाल ने परम पूज्य पं० प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से कथा का श्रवण कर लिया आशीर्वाद
रायबरेली-चड़रई टोल प्लाजा, निकट बाबूगंज, ऊँचाहार में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा के पावन अवसर पर मा० राज्यपाल, उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने सम्मिलित होकर व्यासपीठ पर विराजमान सुविख्यात कथावाचक परम पूज्य पं० प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कथा स्थल पर साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा मा० राज्यपाल का साल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज यहां उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें समय मिलता था, तब वह टीवी के माध्यम से परम पूज्य पं० प्रदीप मिश्रा जी की कथा का श्रवण करती थीं। आज प्रत्यक्ष रूप से इस पावन स्थल पर उपस्थित होकर उनकी कथा सुनने तथा आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला, यह उनके लिए अत्यंत सुखद एवं सौभाग्य का विषय है।
राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत पवित्र एवं आध्यात्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में साधु-संत विराजमान हैं और लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर रहे हैं तथा आध्यात्मिक लाभ एवं संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है।
राज्यपाल ने भव्य एवं पावन श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए मा० मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

rexpress 