रायबरेली-कांवड़ यात्रा को लेकर हाईवे पर चला सघन चेकिंग अभियान, नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को शहर के सिविल लाइन चौराहे पर एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान हाईवे पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस ई-रिक्शा चला रहे चालकों और नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर विशेष रूप से शिकंजा कसा गया। अधिकारियों ने कई ई-रिक्शा को सीज कर दिया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान भी काटे गए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

rexpress 