रायबरेली-खिड़की की सरिया काटकर घर में घुसे चोर, 25 लाख के आभूषण पार
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-धन्नीपुर गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। हालांकि, एक घर में उन्हें कुछ नहीं मिला, लेकिन दूसरे घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे की खिड़की की सरिया काट चोर अंदर घुस गए।
पीड़ित गृह स्वामी के अनुसार चोरों ने करीब 25 लाख का सामान पार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी रमेश तिवारी के घर का चोरों ने ताला तोड़ा, लेकिन उन्हें वहां सफलता नहीं मिली। इसके बाद चोरों ने बगल में ही रहने वाले सुखेंद्र चौहान के घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे का ताला तोड़ दिया और अलमारी के लाकर में रखें सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सुखेंद्र चौहान का एक पुत्र अंशुमान सिंह सीआईएसफ में इंस्पेक्टर है, वह बाहर रहता है। वही दूसरा पुत्र हिमांशु सिंह लखीमपुर में रहता है। उसकी पत्नी साधना सिंह शिक्षिका है। हिमांशु का कमरा घर की दूसरी मंजिल पर है।
चोरों ने सुखेंद्र के घर की छत पर लगे लोहे के जाल के ऊपर लगे प्लास्टिक को तोड़कर अंदर आने का प्रयास किया लेकिन छत का जाल काटने में सफल न होने पर चोरों ने जीने के बगल में लगी खिड़की की सरिया काटकर अलग कर दी और उसी के सहारे घर के अंदर आ गए।
चोरों ने कमरे की कुंडी काटकर अंदर रखी लोहे की अलमारी का लाकर तोड़ दिया और उसमें रखें सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। भोर लगभग 3:30 बजे रमेश तिवारी की नींद खुली तो उन्होंने अपने घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा, जिस पर उन्होंने पड़ोसियों को आवाज़ लगाई।
सुबह वह सुखेंद्र चौहान के घर लगे सीसी कैमरे में घटना की फुटेज देखने के लिए पहुंचे। जब सुखेंद्र चौहान उठे तो उन्होंने भी अपने घर के जीने का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें अपने यहां चोरी की जानकारी हुई।
घटना के समय घर पर सुखेंद्र चौहान उनकी पत्नी सुनीता सिंह व पुत्री निवेदिता ही थी। सभी नीचे बने कमरों में सो रहे थे। चोरी की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
ग्रामीणों का मानना है कि रमेश तिवारी व सुखेंद्र के घर के बीच महज 2 फुट की चौड़ी नाली है। जिसके चलते चोर रमेश तिवारी की छत से सुखेंद्र चौहान की छत पर आ गए होंगे और चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने रमेश तिवारी के घर के पीछे स्थित नीरज सिंह के घर के बाहर लगे दो बल्ब भी तोड़ दिए।
सुखेन्द्र का कहना है कि कितने के आभूषण चोरी हुए हैं इसकी सही जानकारी तो बहू साधना ही दे सकती हैं, फिर भी अनुमान है कि लगभग 25 लाख रुपये कीमत के आभूषण चोर ले गए हैं। कोतवाल प्रमोद सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है , जांच की जा रही है।

rexpress 