संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के हित में सरकार के कदम सराहनीय, दीपावली पर बोनस और इंक्रीमेंट की उम्मीद: करुणा शंकर मिश्रा

संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के हित में सरकार के कदम सराहनीय, दीपावली पर बोनस और इंक्रीमेंट की उम्मीद: करुणा शंकर मिश्रा

-:विज्ञापन:-

​​रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


लखनऊ-उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्रा ने प्रदेश सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक द्वारा संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के हित में उठाए गए कदमों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
करुणा शंकर मिश्रा ने कहा कि संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 30 लाख रुपये का बीमा उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम है। किसी कर्मचारी के असामयिक निधन पर उसके परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सुरक्षा मिलना एक बड़ी पहल है। इसके लिए प्रदेश सरकार बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में संविदा कर्मचारियों को संविदा समाप्त होने की आशंकाओं और विभिन्न प्रकार के दबावों का सामना करना पड़ता था, लेकिन मिशन निदेशक के स्तर से किए गए प्रभावी हस्तक्षेप एवं सकारात्मक प्रयासों से कर्मचारियों को काफी राहत मिली है। कर्मचारियों के हितों के प्रति सरकार और मिशन निदेशालय का सकारात्मक रुख स्वागतयोग्य है।
कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग
संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को सरकार से एक और बड़ी उम्मीद है। जिस प्रकार अन्य विभागों के कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, उसी प्रकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्यकर्मियों एवं उनके परिवारों को भी जल्द कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।
दीपावली पर बोनस और इंक्रीमेंट की उम्मीद
करुणा शंकर मिश्रा ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को बोनस एवं वेतन में इंक्रीमेंट दिए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारियों की तरह संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के हितों और उनकी आर्थिक आवश्यकताओं को भी सरकार गंभीरता से संज्ञान में लेगी, ऐसी उन्हें पूरी उम्मीद है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार दीपावली के अवसर पर संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को बोनस और इंक्रीमेंट की सौगात देने के साथ ही कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी।
अंत में करुणा शंकर मिश्रा ने प्रदेश सरकार, मिशन निदेशक एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेशभर के समस्त संविदा स्वास्थ्यकर्मियों एवं उनके परिवारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।