रायबरेली-सदर विधायक अदिति सिंह ने 24.16 लाख की लागत से बने बाल विकास परियोजना कार्यालय का किया लोकार्पण
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
दो गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, दो बच्चों का अन्नप्राशन और 11 बेटियों का मनाया गया कन्या जन्मोत्सव
विकासखंड अमावां में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को नई सौगात मिली
रायबरेली- विकास खण्ड अमावां में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने 24 लाख 16 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय अमावां का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अमावां, राही एवं नगर क्षेत्र की नवचयनित 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत सामाजिक सरोकार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विधायक अदिति सिंह ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। वहीं, जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से 11 कन्याओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सभी नवचयनित कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवनिर्मित कार्यालय के लोकार्पण और नियुक्ति पत्र वितरण को क्षेत्र में बाल विकास सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड अमावां में किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सुरेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अमावां अलका सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी छतोह शिवशरण तथा मुख्य सेविका संध्या सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

rexpress 