रायबरेली-डीएम की अध्यक्षता में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

रायबरेली-डीएम की अध्यक्षता में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की  समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

31 दिसम्बर तक अभियान चलाकर जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी

70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के दिए निर्देश

दीपावली एवं छठ पूजा पर घर लौटने वाले पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करें संबंधित विभाग

रायबरेली-जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली इन योजनाओं के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थी परिवारों के प्रत्येक सदस्य का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। जनपद में चल रहे  01 नवम्बर 2026 से 31 दिसम्बर 2026 तक विशेष अभियान में शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया जाए।
         जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान का उद्देश्य पात्र परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जनपद में अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे पात्र लाभार्थी हैं, जिनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने शेष हैं। समीक्षा के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि कुछ पात्र परिवारों में केवल एक सदस्य का ही आयुष्मान कार्ड बना है, जबकि परिवार के अन्य पात्र सदस्य अभी तक कार्ड से वंचित हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे परिवारों को चिह्नित कर परिवार के सभी पात्र सदस्यों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं, जिससे कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
        जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इस आयु वर्ग के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड से संतृप्त किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विशेष प्रयास करें तथा पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनका कार्ड बनवाने की कार्यवाही में तेजी लाएं।
         जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों दीपावली एवं छठ पूजा के दृष्टिगत कहा कि रोजगार एवं जीवनयापन के लिए अन्य राज्यों अथवा जनपदों में निवास कर रहे जनपद के अनेक लाभार्थियों के त्योहारों पर अपने मूल निवास स्थान पर लौटने की संभावना है। ऐसे में संबंधित विभाग एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें, ताकि घर लौटने वाले पात्र लाभार्थियों एवं उनके परिवार के छूटे हुए सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि इस अवसर का प्रभावी उपयोग करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए।
       उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, पात्र लाभार्थियों को जागरूक करें तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
           बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० मनोज शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अरविन्द कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद स्वर्ण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्र रहमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, ए०आर०टी०ओ० उमेश चन्द्र कटियार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।