रायबरेली में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मिल एरिया थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटकते मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के राघनपुर मोड़ के पास स्थित एक बाग में शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे दो शवों पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से उतरवाकर पहचान कराने का प्रयास किया।
प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा मामला
मृतकों की पहचान दोहरी गांव के रहने वाले गंगा प्रसाद यादव का 26 वर्षीय शिव बहादुर यादव और खदरी गांव के रामसमुझ की 25 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है और प्रेमी युगल द्वारा आत्महत्या किए जाने की चर्चा है। हालांकि, दोनों ने घर से दूर जाकर यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, इस बात की भी जांच की जा रही है कि यह आत्महत्या है या हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटकाया गया है।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर विंध्य विनय ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।

rexpress 