ऊंचाहार:जंगली जानवर के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत,,,,
रिपोर्ट-सागर तिवारी
ऊंचाहार, रायबरेली।कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले होरैसा गाँव में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ के खेतों में एक जंगली जानवर ने अचानक हमला कर भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर गए थे, तभी उन्होंने एक घायल मोर को देखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात जंगली जानवर ने मोर पर जानलेवा हमला किया था। हमले के बाद मोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जैसे ही यह खबर गाँव में फैली, वहाँ लोगों का तांता लग गया। मोर के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रीय पक्षी के रूप में उसके सम्मान को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी।
ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इसके बाद वन विभाग के वन रक्षक अखिलेश को दूरभाष के माध्यम से मामले की पूरी जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने बताया कि वन विभाग की टीम को सूचित कर दिया गया है और वे जल्द ही गाँव पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

rexpress 