ऊंचाहार:युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में कोहराम
रिपोर्ट-सागर तिवारी
ऊंचाहार/रायबरेली/कोतवाली क्षेत्र के परसीपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और गांव में मातम का माहौल है।मृतक की पहचान परसीपुर निवासी साहिल (20), पुत्र अमृतलाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह साहिल का शव घर के भीतर कमरे की छत में लगी धन्नी से दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ पाया गया। घटना के वक्त साहिल की माँ गुड्डी देवी और बहन शालू खेतों पर गई हुई थीं, जबकि छोटा भाई आदित्य गांव में ही था।
जब आदित्य घर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुआ, तो उसने अपने भाई को फंदे से लटकते देख शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में साहिल को फंदे से उतारकर रोहनिया सीएचसी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएचसी रोहनिया के अधीक्षक डॉ. अनवर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय के अनुसार, मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

rexpress 