रायबरेली-आस्था की धरती पर साकार हो रहा रामधाम, जनसहयोग से गूंज रहा ‘जय श्रीराम'
चुरुवा हनुमान मंदिर परिसर में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह
जनभागीदारी से बढ़ रहा कार्य, ट्रस्ट की अपील-भक्तों के सहयोग से पूर्ण होगा श्रीराम मंदिर का पावन संकल्प
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली।लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित सुप्रसिद्ध चुरुवा हनुमान मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति, आस्था और श्रद्धा की अनूठी ऊर्जा से आलोकित है। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना के नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।प्रसिद्ध श्रीपिप्लेश्वर हनुमान मंदिर चुरुवा ट्रस्ट, राम-जानकी मंदिर के तत्वावधान में निर्मित हो रहे इस दिव्य धाम की परिकल्पना अत्यंत आकर्षक और पारंपरिक भारतीय वास्तुकला पर आधारित है, जिसकी डिजाइन हर्षवर्धन शर्मा द्वारा तैयार की गई है। मंदिर का स्वरूप श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ सांस्कृतिक वैभव का भी दर्शन कराएगा। मंदिर के पुजारी मुनिराज अवस्थी एवं अनूप अवस्थी पुत्तू महराज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पावन निर्माण कार्य पूर्णतः जनसहयोग से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल पूजा-अर्चना का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए धर्म, संस्कार और संस्कृति का प्रेरणा स्रोत भी सिद्ध होगा। पुजारी अनूप अवस्थी, उनकी धर्मपत्नी तथा परिवार के सदस्यों के साथ पुजारी मुनिराज अवस्थी ने श्रद्धालुओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “भगवान श्रीराम के इस भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी के सामूहिक संकल्प और सहयोग से ही संभव है। हर श्रद्धालु का योगदान इस पुण्य कार्य में अमूल्य है।”उन्होंने सभी भक्तों से आर्थिक सहयोग प्रदान कर इस दिव्य कार्य में सहभागिता निभाने का आग्रह किया, ताकि मंदिर निर्माण का कार्य निरंतर और तीव्र गति से आगे बढ़ता रहे। मंदिर निर्माण की खबर से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है वहीं श्रद्धालु इसे अपने जीवन का सौभाग्य मानते हुए बढ़-चढ़कर सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। चुरुवा की यह पावन भूमि अब एक भव्य रामधाम के रूप में विकसित होने की ओर अग्रसर है, जहां आस्था और विश्वास की ज्योति सदैव प्रज्वलित रहेगी।

rexpress 