भारतीय डाक और इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा आयोजित ‘जनरल इंश्योरेंस सुपर धुरंधर’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर गुजरात परिक्षेत्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई सशक्त पहचान*

भारतीय डाक और इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा आयोजित ‘जनरल इंश्योरेंस सुपर धुरंधर’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर गुजरात परिक्षेत्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई सशक्त पहचान*

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-केशवानन्द शुक्ला

*उत्तर गुजरात क्षेत्र में 8.43 लाख से ज्यादा इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते संचालित, ‘आपका बैंक, आपके द्वार’ की संकल्पना को कर रहा साकार - पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव*

इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने देश के हर कोने, विशेषकर ग्रामीण भारत में बैंकिंग सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। ‘आपका बैंक, आपके द्वार’ की संकल्पना को साकार करते हुए 'वित्तीय समावेशन' और 'डिजिटल इंडिया' मिशन को नई गति प्रदान करने में आईपीपीबी निरंतर अहम् भूमिका निभा रहा है। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। डाक विभाग द्वारा 01 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित ‘जनरल इंश्योरेंस सुपर धुरंधर’ अभियान में उत्तर गुजरात क्षेत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि हेतु सभी ग्रामीण डाक सेवक, ब्रांच पोस्टमास्टर, पोस्टमैन सहित मण्डलाधीक्षकों, उपमंडलीय निरीक्षक और इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक मैनेजर्स को बधाई दी। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा की यह उपलब्धि क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण, टीमवर्क एवं प्रभावी कार्यनीति का प्रतिफल है। अभियान के दौरान ग्राहकों तक बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, जन-जागरूकता सृजित करने तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया। आईपीपीबी के चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे ने इस अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि आईपीपीबी के माध्यम से डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक आज एक चलते फिरते बैंक के रूप में कार्य कर रहे हैं। सीईएलसी के तहत घर बैठे 5 साल तक के बच्चों का आधार बनाने और मोबाइल नंबर अपडेट करने, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, डीबीटी, बिल पेमेंट, एईपीएस द्वारा बैंक खाते से भुगतान, वाहनों का बीमा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी तमाम सेवाएं आईपीपीबी द्वारा डाकिया के माध्यम से घर बैठे मुहैया कराई जा रही हैं। आईपीपीबी में खाता होने पर डाकघर की सुकन्या, आरडी, पीपीएफ, डाक जीवन बीमा में भी ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि भारतीय डाक और इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा आयोजित ‘जनरल इंश्योरेंस सुपर धुरंधर’ अभियान में उत्तर गुजरात क्षेत्र ने ₹1,50,85,834 के निर्धारित प्रीमियम लक्ष्य के सापेक्ष ₹1,53,75,607 का प्रीमियम अर्जित करते हुए 101.92% की उपलब्धि हासिल की है, जिससे उत्तर गुजरात क्षेत्र ने सफलतापूर्वक इस अभियान में क्वालिफाई किया। वर्तमान में उत्तर गुजरात क्षेत्र में 8.43 लाख से ज्यादा आईपीपीबी खाते संचालित हैं, जिनमें इस वित्तीय वर्ष में कुल 1.43 लाख से ज्यादा खाते खोले गए। एक लाख से ज्यादा लोगों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 'जनरल इंश्योरेंस' कराया, जिसमें अकेले 'सुपर धुरंधर’ अभियान में 23,500 लोगों ने इसका लाभ उठाया।  

सहायक निदेशक श्री रितुल गाँधी ने बताया कि उत्तर गुजरात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 6 मंडल में से 5 मंडल—अहमदाबाद सिटी, बनासकांठा, महेसाणा, पाटन एवं साबरकांठा—ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर अभियान में सफलता प्राप्त की। इन मंडलों ने 100% से अधिक उपलब्धि दर्ज कर क्षेत्र की कुल सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 

इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे ने बताया कि देशभर के कुल 63 पोस्टल रीजन में से केवल 15 रीजन ही इस अभियान में सफल हो सके, जिनमें उत्तर गुजरात परिक्षेत्र भी शामिल है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने में पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा प्रारंभ किया गया “पोस्टल वॉरियर” अभियान अत्यंत प्रभावी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इस अभियान के माध्यम से डाक कर्मियों में प्रतिस्पर्धा की भावना, टीमवर्क एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया गया, जिसके परिणामस्वरूप जनरल इंश्योरेंस सेवाओं की पहुँच व्यापक स्तर पर बढ़ी और उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव हो सका।

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक श्री चिराग मेहता, आईपीपीबी चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे, सीनियर मैनेजर सुश्री प्रियंका कुमारी, सीनियर पोस्टमास्टर अहमदाबाद जीपीओ श्री संदीप कुशवाह, सहायक निदेशक श्री वी एम वहोरा, श्री अल्पेश शाह, श्री रितुल गाँधी, सीनियर पोस्टमास्टर श्री पी जे सोलंकी सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी  उपस्थित रहे।