रायबरेली -सलोन में इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारियों की खुलेआम गुंडई महिला से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-जिले के सलोन कस्बे में स्थित एक इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर महिला के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग एक महिला को घसीटते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंची थी, जहां किसी बात को लेकर उसका कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने कथित रूप से महिला के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित महिला का आरोप है कि एजेंसी कर्मचारियों ने उसे बेल्ट, लात और घूंसों से बेरहमी से पीटा। महिला का कहना है कि उसने किसी प्रकार का गलत व्यवहार नहीं किया था, इसके बावजूद उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
महिला के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

rexpress 