रायबरेली-"कौन सच्चा कौन झूठा", पीड़ित या जिम्मेदार!

रायबरेली-"कौन सच्चा कौन झूठा", पीड़ित या जिम्मेदार!

-:विज्ञापन:-


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावा रायबरेली। विकास क्षेत्र के अंतर्गत मल्हीपुर मजरे टोडरपुर ग्राम सभा में बीते शनिवार की देर रात आए आंधी तूफान के कारण अपने आशियाने को खोने का दर्द झेल रहीं पीड़िता गंगाजली पत्नी रामपाल के दर्द व पीड़ा की जानकारी लेने जब कोई भी जिम्मेदार घटना के 36 घंटे बाद उनके पास नहीं पहुंचा, तो जिम्मेदारों से इस संबंध में जवाब मांगा गया। जवाब में जिम्मेदारों के द्वारा कहे गए वाक्यों ने वर्ष 1997 में फिल्मी पर्दे पर ऋषि कपूर व श्रीदेवी की आई चर्चित फिल्म "कौन सच्चा कौन झूठा" के शीर्षक को जमीनी हकीकत पर चरित्रार्थ कर दिया। जी हां जिम्मेदारों के  व्यक्तव्यो ने या तो पीड़ित की समस्या को झूठा करार दिया या फिर स्वयं की जिम्मेदारियां से बचने के लिए अपनी बात को सही साबित करना चाहा। इस संबंध में जब पीड़िता गंगाजली के पुत्र धर्मेश से उनके साथ घटित हुई घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद जानकारी ली गई तो उनके द्वारा बताया गया कि अभी तक उनके घर पर कोई भी  जिम्मेदार अधिकारी समस्या का संज्ञान लेने नहीं पहुंचा है। वहीं धर्मेश की बात को मद्देनजर रखते हुए जब उक्त ग्राम सभा के ग्राम पंचायत अधिकारी प्रमोद कुमार से दूरभाष से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, यह आपदा प्रबंधन का काम है, इस पर उक्त ग्राम सभा के लेखपाल ही ज्यादा जानकारी दे पाएंगे। वहीं जब उक्त ग्राम सभा में तैनात लेखपाल संदीप सिंह से दूरभाष के माध्यम से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट राजस्व विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्द ही पीड़िता की समस्या का समाधान हो जाएगा। लेकिन इसी मामले को लेकर जब खंड विकास अधिकारी बछरावां शिव बहादुर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मौके पर कई जनप्रतिनिधि पहुंचे हैं, उनके साथ ही ब्लॉक की टीम भी मौके पर गई है और आगामी पात्रता सूची में पीड़िता का नाम डलवाकर उसे आवास दिलाने का काम किया जाएगा। लेकिन सोचनीय बिंदु यह है कि पीड़िता गंगाजली के पुत्र धर्मेश के अनुसार उसके घर पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उसकी समस्या का संज्ञान लेने नहीं पहुंचा, तो फिर वीडियो साहब ने कौन सी टीम भेजी है और लेखपाल साहब ने वहां पर जाकर कौन सी रिपोर्ट लगाई है। यह एक सवालिया निशान है, जो उक्त बालीवुड की फिल्म "कौन सच्चा कौन झूठा" के शीर्षक को पूर्ण रूप से चरितार्थ कर रहा है।