रायबरेली पानी की टंकी के चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

रायबरेली पानी की टंकी के चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावां रायबरेली- पानी की टंकी की रखवाली कर रहे चौकीदार की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। मामले में फॉरेंसिक टीम एडिशनल एसपी आलोक सिंह सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात है, वही पुलिस के द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। सोमवार की सुबह 6:00 बजे घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और दहशत व्याप्त हो गई। विदित हो कि ठकुराइन खेड़ा गांव के पास ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चौकीदारी करने वाले युवक की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह टंकी परिसर में खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ठकुराइन खेड़ा निवासी बिंदा प्रसाद उम्र 40 वर्ष पुत्र रामसजीवन पिछले करीब पांच माह से गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चौकीदार के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक वह रोजाना की तरह रविवार शाम घर पर भोजन करने के बाद ड्यूटी के लिए टंकी पर गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने टंकी परिसर में उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वही फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी आलोक कुमार ने जांच पड़ताल करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला प्रकाश में आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बिंदा प्रसाद मिलनसार प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में हत्या की घटना से गांव के लोग भी हैरान हैं। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा ।