रायबरेली-आधा दर्जन से अधिक हरे आम के पेड़ों की कटान का वीडियो वायरल, सीमावर्ती गांव बन रहे अवैध कटान का हब
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अघौरा गांव में आधा दर्जन से अधिक हरे आम के पेड़ों की कटान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अघौरा गांव का है, जहां फलदार हरे पेड़ों को काटा गया है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है। ग्रामीण सुनील, सोनू, आकाश, निजाम, जगेश्वर, हरिमोहन समेत अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक क्षेत्र के कटरा, मदाखेड़ा, अघौरा, टूसी, पस्तौर, राजामऊ , सुदौली समेत अन्य सीमावर्ती गांव इन दिनों अवैध पेड़ कटान का हब बनते जा रहे हैं। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि वन विभाग और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम अवैध कटान का काम किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को भारी क्षति पहुंच रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस संबंध में वन रक्षक ब्रजेश वर्मा ने बताया कि अघौरा गांव सदर क्षेत्र में आता है, जो उनके कार्य क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।

rexpress 