रायबरेली-रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग पूरा, वर्तमान माह के अंतिम सप्ताह में होगा लोकार्पण

रायबरेली-रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग पूरा, वर्तमान माह के अंतिम सप्ताह में होगा लोकार्पण

-:विज्ञापन:-

 


अमृत भारत योजना के तहत  5 करोड़ की लागत से कराया गया है रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण 


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। केंद्र सरकार की अमृत भारत योजना के तहत बछरावां के रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। दूधिया रोशनी में नहाया हुआ 5 एकड़ का लान और खुली पार्किंग में स्टेशन सबसे अलग खूबसूरत दिखाई देगा। प्लेटफार्म नंबर एक पर एसी वेटिंग हाल से लेकर यात्रियों के लिए तमाम सुविधाओं से स्टेशन को सुसज्जित किया गया है। रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष प्रकार का उत्साह दिखाई दे रहा है। वर्तमान माह के अंतिम सप्ताह में होने वाले लोकार्पण की तैयारियां तेज कर दी गई है। विदित हो कि बछरावां रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग 2 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। मौजूदा समय में रेलवे के प्लेटफार्म एक को पूरी तरीके से सुसज्जित किया गया है। यहां पर प्लेटफार्म पर ग्रेनाइट पत्थर लगाकर उसकी ऊंचाई को बढ़ाया गया है, इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में बहुत ही आसानी होगी।  प्लेटफार्म पर लंबा चौड़ा टीन सेट भी बनाया गया है। यात्रियों के लिए एक एसी वेटिंग हाल बनाया जा रहा है। दो अलग- अलग शौचायलयों की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें पुरुष एवं महिलाओं की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। आरक्षण काउंटर को पूरी तरह से आधुनिक कर दिया गया है। दिव्यांगों के लिए जहां एक ओर रैंप बनाए गए हैं, वहीं उनको टिकट लेने में असुविधा न हो उनके लिए आरक्षण काउंटर में अलग से व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन पर रेल कोच डिस्प्ले लगाने की भी योजना चल रही है। महिलाओं के लिए बच्चों को स्तनपान कराने के अलग रूम बनाया गया है, यहां पर रेलवे ओवर ब्रिज पर लगे पत्थरों को उखाड़ कर ग्रेनाइट लगाया जा रहा है। वाहनों की पार्किंग के लिए लंबी चौड़ी जगह की व्यवस्था की गई है जिनमें कार और मोटरसाइकिलों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है। पूरा रेलवे स्टेशन दूधिया रोशनी से नहाएगा, इसके लिए लगभग 200 खंभो में एलईडी लाइट लगाई गई है। एक हाई मास्क लाइट लगाने का काम अभी चल रहा है, इससे पूरा स्टेशन रोशनी से नहा जाएगा। आने और जाने के लिए दो भव्य गेट बनाए गए हैं जो की रेलवे स्टेशन की सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।आरपीएफ चौकी के साथ-साथ स्टेशन अधीक्षक कक्ष के बगल में एक मॉनिटरिंग रूम भी बनाया जा रहा है। जिससे यात्रियों की सुरक्षा का पूरा ख्याल भी रखा जाएगा। पेयजल सुविधा को और मजबूत करने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्टील की टोंटियां से युक्त स्टैंड लगाए जा रहे हैं। इससे यात्रियों के पेयजल की सुविधा आसानी से मिलेगी। स्टेशन के पास हरियाली को लेकर रेलवे विभाग ने मजबूत योजना बनाई है, हरे भरे वृक्षों को भी लगाया जा चुका है। यहां से यात्रा करने वाले दैनिक यात्री पंकज बाजपेई, कमलेश कुमार, राहुल मिश्रा, राघव, राजू मोहम्मद, मन्नू सिंह, अभिरूप कुमार, राकेश कुमार, शैलेंद्र मिश्रा, आनंद सिंह, फारूक, शैलेंद्र सिंह का कहना है कि रेलवे स्टेशन जब पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा तो मॉडल के रूप में दिखाई देगा। लखनऊ -रायबरेली रेल खंड के बछरावां रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन 25  ट्रेनों का आवागमन रहता है। जिसमें 15 से ज्यादा ट्रेनें रूकती हैं। इस रेलवे स्टेशन से लगभग 2000 यात्री लखनऊ व अन्य स्थानों के लिए सफर करते हैं। बछरावां रेलवे स्टेशन पर कराए जा रहे सौंदर्यीकरण का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही हैं कि अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह में इसका लोकार्पण किया जाएगा। सौंदर्यीकरण के जो भी काम शेष बचे हैं उन्हें दिन और रात सैकड़ो मजदूर एवं इंजीनियरों तथा अन्य लोगों के द्वारा पूरा किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार बाजपेई ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है इसे शीघ्र ही पूरा कर लोकार्पण की तैयारी की जाएगी।