रायबरेली में 'मौत का अस्पताल' में चंद रुपयों के लालच में ले ली महिला की जान अस्पताल संचालक समेत 2 गिरफ्तार

रायबरेली में 'मौत का अस्पताल' में चंद रुपयों के लालच में ले ली महिला की जान अस्पताल संचालक समेत 2 गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अस्पताल संचालक और उसके सहयोगी को गैर इरादतन हत्या  के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस का दावा है कि अस्पताल स्टाफ ने पैसों के लालच में लापरवाही पूर्वक इलाज किया, जिससे मरीज की जान चली गई।

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मढहना (थाना लालगंज) निवासी सीमा पत्नी राजकुमार बीते 27 अप्रैल को मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गई थीं। उन्हें इलाज के लिए गोल चौराहा स्थित 'नवजीवन अस्पताल' में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने पैसों के प्रलोभन में आकर अवैध तरीके और घोर लापरवाही से इलाज किया, जिसके कारण 28 अप्रैल को सीमा की मृत्यु हो गई।

​हत्या की धारा में बदली विवेचना

​मृतका की बहन की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और धरातलीय साक्ष्यों के संकलन के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विवेचना के दौरान इसे गैर इरादतन हत्या में तरमीम (बदल) कर दिया।

​अस्पताल संचालक समेत दो दबोचे गए

​पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, गुरुवार को मिल एरिया पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों ​शैलेश श्रीवास्तव (अस्पताल संचालक) निवासी अनुरूद्धपुर, थाना भदोखर व
​सतीश कुमार (सहयोगी) निवासी गंगेसरी, थाना ऊंचाहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।