रायबरेली-गेहूं की खड़ी फसल में लगी भीषण आग, 20-25 बीघा फसल जलकर राख
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
महराजगंज रायबरेली। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत खेरवा गांव में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की फसलों को अपनी चपेट में ले लिया। खेतों में उठती लपटों और धुएं के गुबार को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदापुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुरैना के अंतर्गत आने वाले खेरवा गांव में यह घटना घटी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस भीषण अग्निकांड में खेरवा गांव निवासी डॉक्टर रामनारायण सिंह की लगभग 18 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। इसके अलावा गांव के अन्य किसानों की भी फसल आग की चपेट में आ गई। कुल मिलाकर करीब 20 से 25 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को अवगत कराया गया। हालांकि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पा लिया था। आग बुझाने में ग्रामीणों की एकजुटता देखने को मिली, लेकिन तब तक फसल का बड़ा हिस्सा जल चुका था। इस घटना के बाद प्रभावित किसानों में मायूसी का माहौल है। किसानों का कहना है कि पूरे साल की मेहनत कुछ ही पलों में जलकर राख हो गई। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कर आवश्यक कार्यवाही की बात कही जा रही है।

rexpress 