रायबरेली-अंगौछा के सहारे पेड़ से लटकता मिला वृद्ध का शव, शादी की खुशिया मातम में हुई तब्दील
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
चंदापुर रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। विदित हो कि पूरे अहलादी मजरे मऊ गाँव निवासी 60 वर्षीय छैल कोरी पुत्र पुनासी कोरी का शव शुक्रवार रात लगभग 10:00 बजे गांव के बाहर हंसवा ड्रेन के पास एक सफेदा के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छैल कोरी शुक्रवार सुबह अपनी बेटी की ससुराल अंगुरी गांव में ससुर की मृत्यु के बाद आयोजित अंतिम यात्रा में शामिल होने गए थे। दोपहर लगभग 12 बजे वह वापस अपने गांव लौटे। इसके कुछ समय बाद वह खेत की ओर देखे गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के बाहर हंसवा ड्रेन के समीप एक सफेदा के पेड़ से अंगौछे के सहारे लटका हुआ उनका शव देखा गया। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और तत्काल स्थानीय लोगों तथा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के परिवार में इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही थीं। उनके इकलौते बेटे का तिलकोत्सव 25 अप्रैल को तथा विवाह 6 मई 2026 को निर्धारित है। बताया जा रहा है कि, शादी की जिम्मेदारियों को लेकर छैल कोरी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। गांव के लोगों ने बताया कि, छैल कोरी का स्वभाव बेहद सरल, मिलनसार और हंसमुख था। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी, जिससे यह घटना और भी अधिक दु:खद प्रतीत होती है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

rexpress 