रायबरेली-डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
सुरक्षित व सुगम यातायात के लिए दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान राजमार्गों पर अवैध रूप से बनाए गए कटों को बंद कराने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रवर्तन कार्यवाहियों को और अधिक सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस में विभिन्न विभागों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को समय से अद्यतन करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के प्रमुख चौराहों को यातायात की दृष्टि से अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए तथा सड़कों पर किए गए अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। साथ ही, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार एवं निवारण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रारंभ हो चुका है, अतः वहां भी सघन पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी अथवा अराजक गतिविधिया न हो यह सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि गुड सेमेरिटन योजना के प्रोत्साहन हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

rexpress 