रायबरेली: गंदगी से बढ़ा संक्रामक बीमारियों का खतरा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा,डीपीआरओ पर आरोप
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली जिले के डलमऊ तहसील क्षेत्र के रायपुर टप्पा हवेली गांव में इन दिनों गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। गांव की नालियां बजबजा रही हैं और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में तैनात सफाईकर्मी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आते, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सौम्य शील सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सफाईकर्मियों को गांव की सफाई के बजाय अन्य कार्यों में लगा दिया गया है, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
गांव में फैली गंदगी और बजबजाती नालियों के कारण मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
डीपीआरओ की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द ध्यान नहीं देता, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

rexpress 