रायबरेली के नए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार का सलोन और डीह थानों पर औचक निरीक्षण

रायबरेली के नए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार का सलोन और डीह थानों पर औचक निरीक्षण

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

जिले में कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सलोन और डीह थानों का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से महकमे में सतर्कता बढ़ गई और पुलिसकर्मियों में जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों की स्थिति, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति कक्ष, मालखाना, बंदीगृह, बैरक और थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। महिला और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सलोन कोतवाली में रात्रि गश्त, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीएनएस कक्ष की समीक्षा की गई, वहीं डीह थाने में मालखाने और बंदीगृह की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नए कप्तान के इस सक्रिय और सख्त रुख से यह संदेश गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। निरीक्षण की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि थानों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बन सके।